मदनपुर के युवक की पटियाला में सांप के डंसने से मौत

मदनपुर प्रखंड के दधपी पंचायत के बहलोला गांव निवासी महेंद्र सिंह के 38 वर्षीय पुत्र सूर्या सिंह चौहान उर्फ मंटू सिंह की पंजाब के पटियाला में सांप के डंसने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को देर रात घटित हुई जिसकी जानकारी मिलने पर गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने बताया कि सूर्या सिंह चौहान उर्फ मंटू सिंह लगभग दो सालों से पंजाब राज्य के पटियाला में संवेदक के रूप में काम कर रहे थे। शुक्रवार की रात वह एक कमरे में सोए हुए थे तभी उन्हें सांप ने डंस लिया जिसके बाद उन्हें बेचैनी होने लगी। उन्होंने फोन कर घर पर इसकी जानकारी दी कि उन्हें किसी जीव ने काट लिया है। स्थानीय परिचितों को भी उन्होंने घटना की जानकारी दे दी थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस बीच वे बेहोश गए थे। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसकी सूचना बहलोला गांव में पहुंची तो मातम पसर गया। बताया गया कि उनकी पत्नी पूजा देवी के अलावा चार साल की बेटी अन्या कुमारी और ढाई साल की बेटी वान्या कुमारी है। उनके बड़े भाई रवीन्द्र सिंह चौहान हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने जानकारी दी कि मंटू सिंह काफी कुशल व्यवहार वाले व्यक्ति थे और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। जदयू नेता मनोज कुमार सिंह, अरविंद सिंह, संजय सिंह, राहुल सिंह, कृष्णा पासवान सहित अन्य लोगों ने गहरा शोक जताया है। उनके निधन की खबर सुनकर गांव में सन्नाटा पसर गया और ज्यादातर घरों में चूल्हे नहीं जले। परिजन और स्थानीय ग्रामीण शनिवार की शाम तक शव के आने का इंतजार कर रहे थे। ग्रामीणों ने कहा कि गांव पर ही शव का दाह संस्कार किए जाने की तैयारी है।

2024-09-07T17:31:38Z dg43tfdfdgfd