गुमला प्रतिनिधि। वनवासी कल्याण केंद्र झारखंड द्वारा संचालित शबरी आश्रम कन्या छात्रावास,तर्री बुधवार को रंगों का त्योहार होली मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य बालासाहेब देशपांडे, मां भारती और भगवान श्रीराम के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्प अर्पण से हुई। मौके पर विहिप के गुमला विभाग मंत्री केशव चंद्र साय,वनवासी कल्याण केंद्र गुमला समिति के सदस्य नरेश उरांव,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सेवा प्रमुख कर्पूरी ठाकुर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।केशव चंद्र साय ने होली पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने भक्त प्रह्लाद और होली के ऐतिहासिक संदर्भों पर भी चर्चा की। मुखिया नरेश उरांव ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज में एकता व भाईचारे की भावना को बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में शबरी आश्रम की बहनों ने सामूहिक भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। सभी ने एक-दूसरे को रंग-अबीर लगाकर शुभकामनाएं दीं। मौके पर जिला संरक्षक शशि रंजन अखौरी,आश्रम की अध्यक्ष सीमा अखौरी, नमिता कुमारी समिति सदस्य कलेश्वरी देवी,संजय अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, जिला महिला प्रमुख लक्ष्मी कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
2025-03-12T18:44:45Z